बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में प्रदर्शित होगा शिक्षा विभाग का टोल-फ्री नंबर

बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग के टोल-फ्री नंबर 14417 और 18003454417 को प्रमुखता से लिखने का निर्देश जारी किया गया है।
पटना | BLive Desk
बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों की मुख्य दीवारों पर शिक्षा विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का टोल-फ्री नंबर बड़े-बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करने का निर्देश जारी किया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शिक्षा से जुड़ी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए राज्य स्तर पर केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र के माध्यम से छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं आमजन अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने इसके लिए टोल-फ्री नंबर 14417 एवं 18003454417 जारी किया है। विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों की मुख्य दीवारों पर इन नंबरों को स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में लिखवाना सुनिश्चित किया जाए।
आदेश में कहा गया है कि यह कार्य 31 मई 2026 तक पूरा कर लिया जाए, ताकि आम लोगों को शिक्षा विभाग की शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी आसानी से मिल सके।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा शिकायतों के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी।
