विक्रमशिला सेतु पर बन रहे बेली ब्रिज का डीएम ने किया निरीक्षण, जून से पहले पूरा होने की उम्मीद

विक्रमशिला सेतु पर बन रहे बेली ब्रिज का जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार पुल से केवल छोटी गाड़ियों का परिचालन होगा और जून से पहले निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) द्वारा बनाए जा रहे बेली ब्रिज का सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि बेली ब्रिज से केवल छोटी गाड़ियों का परिचालन किया जाएगा और एक समय में एक ही दिशा से वाहनों को गुजरने की अनुमति होगी। इसके लिए पुल के दोनों ओर बैरियर लगाए जाएंगे ताकि वाहनों को कतारबद्ध कर नियंत्रित तरीके से छोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि दोनों ओर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। साथ ही संकेत मिलने पर ही दूसरी ओर से वाहनों को छोड़ा जाएगा।
प्रशासन के अनुसार कुल तीन बेली ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। एक मुख्य स्लैब के आर-पार का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे बेली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। तीसरे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि 5 जून से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 31 मई तक दोनों छोर पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और सड़क लाइनिंग की व्यवस्था पूरी कर ली जाए ताकि वाहनों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
