भागलपुर में भीषण आंधी-तूफान और बारिश से भारी तबाही, शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति

भागलपुर में बीती रात आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश से शहर में भारी तबाही हुई। सैकड़ों पेड़, बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि पूरे शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई। डीएम ने बताया कि नाथनगर और सबौर ग्रिड चालू कर दिए गए हैं तथा अगले कुछ घंटों में अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर में बीती रात आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। बताया जा रहा है कि यह एक तरह का साइक्लोनिक तूफान था, जिसका केंद्र बरारी क्षेत्र के आसपास रहा। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि शहर के कई इलाकों में सैकड़ों बड़े पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल, तार तथा खंभों को भारी नुकसान पहुँचा।
तूफान के कारण भागलपुर का टीवी टावर और रेडियो स्टेशन भी प्रभावित हुआ। कई इलाकों में संचार व्यवस्था बाधित हो गई, जबकि पूरे शहर में बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई।
आंधी-तूफान के बाद प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त इलाकों का जायजा लिया जा रहा है और सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम तेजी से चल रहा है।
जिलाधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाथनगर और सबौर ग्रिड को चालू कर दिया गया है, जबकि बाकी ग्रिडों को भी जल्द शुरू किया जाएगा।
डीएम के अनुसार अगले दो से तीन घंटे के भीतर अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें और टूटे बिजली तारों से दूर रहें।
