भागलपुर में खेल सुविधाओं के विकास को लेकर बड़ी बैठक, ग्राउंड और संसाधनों पर फोकस
भागलपुर में खेल सुविधाओं के विकास को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। विभिन्न खेलों के लिए ग्राउंड, संसाधन और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में खेल के बेहतर विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ खेल सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, लॉन टेनिस और बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए उपयुक्त ग्राउंड चिन्हित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने यह भी चर्चा की कि भागलपुर में राष्ट्रीय स्तर के खेलों का आयोजन कैसे संभव बनाया जा सकता है।
खासतौर पर क्रिकेट के लिए बीसीसीआई मानकों के अनुसार पिच और मैदान विकसित करने, उसकी लेवलिंग और दर्शक दीर्घा निर्माण जैसे मुद्दों पर विचार किया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और क्रिकेटर ईशान किशन भी भागलपुर में खेल चुके हैं, जिससे जिले की खेल संभावनाओं को बल मिलता है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें। साथ ही वॉलीबॉल कोर्ट के पास शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि बीसीसीआई मानकों के अनुरूप क्रिकेट ग्राउंड का विस्तार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों में अनुशासन को जरूरी बताते हुए कहा कि बिना अनुशासन के बेहतर खिलाड़ी तैयार नहीं किए जा सकते।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जिला खेल पदाधिकारी को सक्रिय खेल संघों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया और कहा कि सभी खेल संघ खेल विभाग से समन्वय बनाकर कार्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि भागलपुर में खेल सुविधाओं का इस तरह विकास किया जाए, जिससे यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों का आयोजन संभव हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
