भरत तिवारी के परिजनों से मिले अश्विनी चौबे, बोले- न्याय की लड़ाई में हर कदम पर परिवार के साथ हूं

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। बिहार सरकार पहले ही मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे चुकी है।
भागलपुर | BLive डेस्क
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे शोकाकुल परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे। उन्होंने भरत तिवारी के माता-पिता से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
अश्विनी चौबे ने कहा कि भरत तिवारी की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेंगे।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अश्विनी चौबे ने दावा किया कि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसियों द्वारा अभी तक नहीं की गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
गौरतलब है कि बिहार सरकार पहले ही पूरे एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच कराने की घोषणा कर चुकी है। सरकार के अनुसार, उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी ताकि घटना के सभी तथ्यों का पता चल सके।
