भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर बोले बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर - "सरेंडर करने वाले को दंड अदालत से मिलना चाहिए"

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भरत तिवारी प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण किया था, तो उसे दंड न्यायपालिका के माध्यम से मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने भरत तिवारी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बिहार सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की।
भोजपुर/पटना | BLive डेस्क
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी प्रकरण पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान सामने आया है। अपने एक सार्वजनिक संबोधन में उन्होंने कहा कि उन्हें विदेश प्रवास के दौरान इस घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन भारत लौटने के बाद उन्होंने पूरे मामले के बारे में जाना।
उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया कि भरत तिवारी सनातन और हिंदुत्व के मुद्दों पर सक्रिय थे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण किया हो, तो उसे दंड न्यायपालिका के माध्यम से मिलना चाहिए, न कि किसी अन्य तरीके से।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई चूक हुई है तो उसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अपने संबोधन में उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में शरण में आए व्यक्ति की रक्षा का सिद्धांत बताया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आत्मसमर्पण करता है, तो उसके साथ कानून और न्याय के अनुसार व्यवहार होना चाहिए।
उन्होंने भरत तिवारी के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की और कहा कि अवसर मिलने पर वे भविष्य में उनके परिवार से मिलने का प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि भरत तिवारी प्रकरण में मृतक की मां की शिकायत पर तत्कालीन जगदीशपुर एसडीपीओ, शाहपुर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। वहीं बिहार सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश भी दिए हैं। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस तथा परिजनों के दावे अलग-अलग हैं।
