पीरपैंती में डिग्री कॉलेज हेतु नए स्थल के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने लिया संज्ञान

पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान की मांग पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग को पत्र भेजा है, जिसमें प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को सुंदरपुर स्थित कृषि फार्म परिसर में स्थापित करने पर यथोचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
भागलपुर | BLive डेस्क:
पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुरारी पासवान द्वारा प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए नए स्थल की मांग पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार को यथोचित कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित किया है।
विधायक श्री पासवान ने पीरपैंती प्रखंड में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को वर्तमान प्रस्तावित स्थल के बजाय सुंदरपुर स्थित कृषि फार्म परिसर में स्थापित कराने की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजा था, जिस पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान लिया है।
विधायक के अनुसार, उनका उद्देश्य है कि डिग्री कॉलेज ऐसे स्थान पर बने जहां अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं एवं आम जनता को सुविधा मिले तथा भविष्य में इसके विस्तार की भी पर्याप्त संभावना बनी रहे। उन्होंने सुंदरपुर कृषि फार्म को इस दृष्टि से अधिक उपयुक्त स्थान बताया है।
सचिवालय द्वारा भेजे गए पत्र में उच्च शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि प्रासंगिक पत्रों में निहित निर्देश के अनुसार छानबीन कर नियमानुसार समुचित निर्णय लेते हुए कृत कार्रवाई से विधायक को सूचित किया जाए तथा इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सचिवालय को भी उपलब्ध कराई जाए।
अपने फेसबुक पोस्ट में विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि यह जनहित के लिए एक महत्वपूर्ण पहल को मिली गति है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि पीरपैंती के विकास, शिक्षा एवं जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को वे पूरी गंभीरता के साथ उठाते रहेंगे और उसके सकारात्मक समाधान तक निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
