मानव तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ स्कूली छात्रों को किया गया जागरूक, भागलपुर के सरकारी विद्यालयों में चला विशेष अभियान

भागलपुर के सरकारी विद्यालयों में मानव तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा और साइबर अपराध को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग और डिजिटल ब्लैकमेलिंग के प्रति जागरूक किया। साथ ही ‘पुलिस दीदी’ कार्यक्रम और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई।
भागलपुर | BLive Desk
भागलपुर जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत करने तथा छात्र-छात्राओं को अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मानव तस्करी (Human Trafficking), महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा ‘पुलिस दीदी’ कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध), भागलपुर तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, इसके कारणों और अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि रोजगार, शिक्षा, विवाह अथवा अन्य प्रलोभनों के माध्यम से मानव तस्करी के अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति अथवा घटना की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।
‘पुलिस दीदी’ कार्यक्रम की दी गई जानकारी
छात्र-छात्राओं को ‘पुलिस दीदी’ कार्यक्रम के उद्देश्यों और इसकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना, बालिकाओं एवं बच्चों की समस्याओं का संवेदनशील समाधान उपलब्ध कराना तथा पुलिस और विद्यार्थियों के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है।
विद्यार्थियों को बताया गया कि उत्पीड़न, छेड़छाड़, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, लैंगिक हिंसा अथवा अन्य किसी अपराध की जानकारी मिलने पर बिना किसी संकोच के पुलिस, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।
साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। उन्हें के प्रति सचेत किया गया।
