श्रावणी मेला: जिलाधिकारी ने सुल्तानगंज के प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिए जरूरी निर्देश

श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट, जहाज घाट, सीढ़ी घाट और जीविका दीदी रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, बैरिकेडिंग, चिकित्सा एवं भोजन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भागलपुर | BLive डेस्क
श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे ने सुल्तानगंज स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नमामि गंगे घाट, जहाज घाट, सीढ़ी घाट एवं जीविका दीदी रसोई का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
जीविका दीदी रसोई की भी हुई जांच
जीविका दीदी रसोई के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भोजन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री उपलब्ध रहनी चाहिए।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
घाटों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर तैनात पदाधिकारियों एवं कर्मियों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई लगातार बनाए रखने, प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने को कहा।
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
#Bhagalpur #ShravaniMela2026 #Sultanganj #NamamiGange #BhagalpurNews #BLive #BiharNews
