मां संगीत सदन में डांस प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा

ईशीपुर के मां संगीत सदन में आयोजित डांस प्रतियोगिता में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया। संस्था प्रत्येक रविवार को 5 से 12 वर्ष के बच्चों को डांस प्रशिक्षण देती है, जिसमें जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
बाराहाट | BLive डेस्क
बाराहाट के योगीवीर कॉलोनी, ईशीपुर स्थित मां संगीत सदन में बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संस्था के निदेशक मुकेश आजाद के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अनोखी कुमारी ने प्रथम स्थान, परी और रिमझिम ने द्वितीय स्थान तथा आयुषी, आयुष, वैष्णवी और अनमोल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अंग्रेजी शिक्षक अमित कुमार ने बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संगीत वही सिखाता है, जिस पर भगवान शिव की कृपा होती है। पढ़ाई प्रतिदिन जरूरी है, लेकिन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक कला से जुड़ना भी आवश्यक है।
संस्था के निदेशक मुकेश आजाद ने बताया कि मां संगीत सदन में प्रत्येक रविवार को 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों को डांस प्रशिक्षण दिया जाता है। कहलगांव से डांस शिक्षक सुनील कुमार आकर बच्चों को प्रशिक्षण देते हैं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे प्रशिक्षण शुल्क देने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।
मुकेश आजाद ने कहा, “डांस बचपन से मेरा शौक रहा है। अब मैं समाज के बच्चों के माध्यम से अपने उस शौक को पूरा करना चाहता हूं और बच्चों को उनकी प्रतिभा निखारने का अवसर देना चाहता हूं।”
कार्यक्रम में ओम कुमार ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को डांस और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना चाहिए। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता का विकास होता है।
