लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, भक्ति गीतों और लोकनृत्य से गूंजा सांस्कृतिक मंच

श्रावणी मेला-2026 के दौरान धांधी बेलारी महाशिविर और नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय एवं राज्यस्तरीय कलाकारों की भक्ति गीतों, लोकसंगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने कांवरियों व श्रद्धालुओं को शिवभक्ति में सराबोर कर दिया।
भागलपुर | BLive डेस्क
श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर की ओर से पर्यटन विभाग एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महाशिविर तथा सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर सावन माह के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
28 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित कार्यक्रम में भागलपुर सहित बिहार और देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियां दे रहे हैं।
21 अगस्त को धांधी बेलारी महाशिविर के सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीतों एवं लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। सोहराई कुमार निराला, अंगिका कुमारी, भागलपुर, सचिन कुमार दास, भागलपुर तथा मंजूषा कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर के लोक नृत्य दल ने कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को शिव भक्ति में सराबोर कर दिया।
वहीं नमामि गंगे घाट के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पटना के विभिन्न संगीत संस्थानों से जुड़े कलाकारों ने भक्ति एवं लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
वाद्य संगत में गंगा कुमार दास ने पेड, लालमोहन प्रसाद ने ढोलक, मुदुल चंद्र राकेश ने तबला, राजेश झा ने ऑर्गन और रिंकू ने बैंजो पर संगत प्रदान की।
कलाकारों ने “मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी भोलेनाथ जी” और “हर हर शंभू, शंभू शिव महादेव” जैसे लोकप्रिय शिव भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों से नमामि गंगे घाट का वातावरण शिवमय हो गया और श्रद्धालु “बोल बम-बोल बम” के जयघोष के साथ भक्ति में झूमते नजर आए।
स्थानीय कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना एवं भजनों के माध्यम से समाज के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उपस्थित दर्शकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों को सम्मानित भी किया गया। धांधी बेलारी महाशिविर के मंच पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं नमामि गंगे घाट के मुख्य मंच पर जिला पदाधिकारी, भागलपुर अलंकृता पांडेय एवं उप विकास आयुक्त रवि राकेश की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्रावणी मेला-2026 के दौरान आयोजित ये सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिहार की समृद्ध लोक कला, संगीत एवं नृत्य परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान कर रहे हैं।
