स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश

भागलपुर में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्कैन एंड शेयर, मरीजों के लिए वायल की उपलब्धता, एनसीडी अभियान, कमजोर नवजात शिशुओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव, एनीमिया मुक्त भारत अभियान और टीबी मुक्त भारत अभियान समेत विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भाष्या के अंतर्गत स्कैन एंड शेयर की उपलब्धता की समीक्षा की गई। औसत उपलब्धि संतोषप्रद पाई गई, लेकिन कुछ स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्धि 100 प्रतिशत से कम रहने पर संबंधित संस्थानों को इसमें सुधार करने का निर्देश दिया गया।
मरीजों को वायल उपलब्ध कराने पर जोर
रंगरा में इंडोर मरीजों को वायल उपलब्ध नहीं कराए जाने की जानकारी सामने आने पर बताया गया कि फिलहाल इसे ऑफलाइन किया जा रहा है। अगले माह से इसे ऑनलाइन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल, भागलपुर में भी मरीजों को वायल उपलब्ध कराने में कमी पाए जाने पर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने को कहा गया।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रत्येक मरीज का वायल शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और उपलब्धता बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो सके।
1 सितंबर से एनसीडी अभियान की तैयारी
1 सितंबर 2026 से प्रस्तावित एनसीडी अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने तथा निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर अभियान आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
सीपीओ, आशा एवं एएनएम के माध्यम से अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान का लाभ मिल सके।
कमजोर नवजात शिशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान
एसएनसीयू में सभी प्रखंडों से आवश्यकता के अनुसार कमजोर नवजात शिशुओं को भेजने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य उपलब्ध बेड की ऑक्यूपेंसी दर को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करना है।
बैठक में संस्थागत प्रसव के मामले में भी उपलब्धि बढ़ाने के लिए आशा, एएनएम एवं सीएचओ के माध्यम से प्रभावी मोबिलाइजेशन करने का निर्देश दिया गया।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा
25 अगस्त 2026 से आयोजित होने वाले एनीमिया मुक्त भारत अभियान के आधार पर जिले की रैंकिंग निर्धारित की जानी है। इसे देखते हुए जिला स्तर पर बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मोबाइलाइजेशन और आमजन तक अभियान की जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
दवा की उपलब्धता और बायो-मेडिकल वेस्ट पर निर्देश
नवगछिया में आईएफए पिंक की गोली बीआरसी को भेजे जाने के बाद वापस किए जाने तथा इसकी सूचना जिला स्तर पर उपलब्ध नहीं कराने के मामले में संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की दवा की एक्सपायरी होने की स्थिति में उसका नियमानुसार निपटान के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
