बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों का दौरा, पीड़ित परिवारों से मिले भाजपा नेता रोहित पांडेय

भागलपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का भाजपा नेता रोहित पांडेय ने दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता व अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और सदर अनुमंडल पदाधिकारी से भी बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
भागलपुर । BLive डेस्क
भागलपुर जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच भाजपा नेता रोहित पांडेय ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, आवागमन तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता को लेकर जानकारी ली।
रोहित पांडेय ने पीरपैंती क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का दौरा किया। राहत शिविरों में शंकरपुर बिन टोली, मेहरपुर बिन टोली, लालूचक नयागांव, महाराजपुर ड्योढ़ी, बैरिया और श्रीमतपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली गई।
डीएम और एसडीओ से की बातचीत
बाढ़ पीड़ित परिवारों की समस्याओं को लेकर रोहित पांडेय ने भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय तथा भागलपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने प्रशासन द्वारा अब तक किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा।
राहत शिविरों में सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
रोहित पांडेय ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं और राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में रह रहे प्रत्येक परिवार तक आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रभावित लोगों की हर जायज समस्या के समाधान के लिए मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।
बाढ़ प्रभावित परिवारों के सामने कई चुनौतियां
बाढ़ से प्रभावित परिवारों के सामने फिलहाल की चुनौती बनी हुई है। ऐसे में राहत शिविरों की व्यवस्थाओं को मजबूत करना और प्रशासनिक सहायता को तेजी से जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
