शिवराज सिंह चौहान के दौरे को लेकर भागलपुर में तैयारियां तेज, रूट पर बैरिकेडिंग
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 16 सितंबर को भागलपुर दौरे को लेकर तैयारियां तेज हैं। संबंधित रूट पर बैरिकेडिंग की गई है। दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, तटबंध और राहत व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। भागलपुर में राहत कैंप का निरीक्षण भी प्रस्तावित है।
भागलपुर | B Live डेस्क
बिहार में बाढ़ की स्थिति और इससे हुए नुकसान का जायजा लेने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बिहार के दौरे पर हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर भागलपुर में भी प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं।
केंद्रीय मंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ प्रभावित लोगों और किसानों से मुलाकात करेंगे। बिहार दौरे के दौरान बाढ़ से हुए फसल नुकसान, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित लोगों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
भागलपुर पहुंचने के कार्यक्रम को देखते हुए संबंधित मार्गों पर बैरिकेडिंग और रूट मैनेजमेंट की तैयारी की गई है। BLive के कैमरे में दौरे से पहले संबंधित रास्तों पर की जा रही तैयारियां सामने आई हैं।
उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री नवगछिया में कोसी-करैया तटबंध का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद शाम में भागलपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचकर वहां रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है।
केंद्रीय टीम के इस दौरे का उद्देश्य बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जमीनी आकलन करना और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा करना है। दौरे में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
भागलपुर में केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर संबंधित मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
