गंगा का जलस्तर बढ़ा, तीन घाटों पर बाइक से फेरी सेवा दो दिनों के लिए बंद

गंगा का जलस्तर बढ़ने और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव के कारण बियाडा, बाबूपुर/डीपीएस और जाह्नवी चौक घाट की फेरी सेवा में बाइक का आवागमन दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा जारी रहेगी।
भागलपुर | B Live डेस्क
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और नवगछिया की ओर स्थित एप्रोच रोड पर कटाव के चलते बियाडा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और नवगछिया के जाह्नवी चौक घाट से संचालित फेरी सेवा में बाइक के आवागमन पर अगले दो दिनों के लिए रोक लगा दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, पिछले तीन दिनों से गंगा का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ रहा है। नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव शुरू होने के कारण बाइक से आवाजाही में परेशानी हो रही है।
स्थिति को देखते हुए इन तीनों घाटों से चलने वाली फेरी सेवा में बाइक का परिचालन अस्थायी रूप से बंद किया गया है। हालांकि, पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत जारी रहेगी।
एप्रोच रोड पर कटाव को नियंत्रित करने के लिए फ्लड कंट्रोल एवं जल संसाधन विभाग की टीम द्वारा आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि अगले दो दिनों के दौरान इन घाटों पर बाइक लेकर न पहुंचें और जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
