जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दिखाया दम
भागलपुर में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल, रग्बी, योगासन और ताइक्वांडो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आगाज हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
भागलपुर | B Live डेस्क
भागलपुर में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने खेल भवन, भागलपुर में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 30 सितंबर 2026 तक सैंडिस कंपाउंड, खेल भवन एवं इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी, खेल शिक्षक, प्रशिक्षक, खेल संघों के सचिव एवं खेल विभाग से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा जिलाधिकारी के स्वागत से हुई। इसके बाद जिला खेल पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी एवं विभिन्न खेल संघों के सचिवों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। बिहार बाल विकास किलकारी के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ कराटे का प्रदर्शन भी किया।
खेल खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण : डीएम
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और खेल भावना के साथ हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले शुरू हो गए।
पहले दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, बास्केटबॉल, रग्बी, योगासन और ताइक्वांडो सहित कई खेलों की स्पर्धाएं आयोजित हुईं।
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों का प्रदर्शन
100 मीटर दौड़ के अंडर-17 बालक वर्ग में राजा कुमार प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय और शाश्वत कुमार तृतीय रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग में श्वेता कुमारी प्रथम, सुप्रिया कुमारी द्वितीय और छोटी कुमारी तृतीय रहीं।
अंडर-14 बालक वर्ग में अभिषेक कुमार ने प्रथम, मनोरि कुमार ने द्वितीय और मनखुश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में दुर्गा कुमारी प्रथम, रचना कुमारी द्वितीय और जूली कुमारी तृतीय रहीं।
