भागलपुर में स्काउट-गाइड ने निकाली सेवा संकल्प यात्रा, लाजपत पार्क में चलाया सफाई अभियान

भारत स्काउट एंड गाइड, भागलपुर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत पैदल यात्रा निकालकर लाजपत पार्क मैदान में सफाई अभियान चलाया। स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर और स्थानीय नागरिकों ने इसमें भाग लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने सेंडिस कंपाउंड स्थित खेल भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में भी सहभागिता की।
भागलपुर | B Live डेस्क
भारत स्काउट एंड गाइड, भागलपुर की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को स्काउट/गाइड भवन भागलपुर से सेवा संकल्प पैदल यात्रा एवं सफाई अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाजसेवा की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य जिला आयुक्त मनोज कुमार सिंह, जिला सचिव प्रवीण कुमार झा, सहायक सचिव अमरनाथ सिंह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट विपिन कुमार सिंह एवं जिला कोषाध्यक्ष नीरज कुमार राय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की।
पैदल यात्रा स्काउट/गाइड भवन से निकलकर माणिक सरकार चौक और मासाक्चक होते हुए लाजपत पार्क मैदान पहुंची। यहां स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर एवं संस्था के पदाधिकारियों ने झाड़ू और हाथों से पूरे मैदान में सफाई अभियान चलाया। मैदान में व्यायाम एवं भ्रमण के लिए पहुंचे आम नागरिकों ने भी अभियान में सहयोग किया।
कार्यक्रम के समापन के बाद जिला खेल पदाधिकारी से प्राप्त पत्र के आलोक में सभी प्रतिभागियों ने सेंडिस कंपाउंड स्थित खेल भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान स्काउट-गाइड के सदस्यों ने ड्रम के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोवर सागर कुमार यादव, मुन्ना कुमार, रेंजर सिमरन, रौशन खातून, निशा और खुशी सहित दुर्गा चरण उच्च विद्यालय भागलपुर, सरयू देवी मोहनलाल बालिका इंटर स्कूल मीरजानहाट, मारवाड़ी पाठशाला भागलपुर एवं क्राइस्ट चर्च बालिका उच्च विद्यालय भागलपुर के स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस संबंध में जानकारी जिला कोषाध्यक्ष नीरज कुमार राय ने दी।
