जीत, जुनून और खेल भावना के साथ भागलपुर में विद्यालय खेल प्रतियोगिता संपन्न
भागलपुर के खेल भवन में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का चार दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ। वॉलीबॉल, कुश्ती, टेबल टेनिस, तलवारबाजी, हैंडबॉल, साइक्लिंग और कबड्डी समेत विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों और टीमों ने प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया। चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
भागलपुर | B Live डेस्क
खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का बुधवार को खेल भवन, भागलपुर में समापन हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, तैराकी, भारोत्तोलन, कुश्ती, कराटे, ताइक्वांडो, शतरंज सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया।
वॉलीबॉल में श्री राम कृष्ण विद्या मंदिर विजेता
अंडर-19 बालक वॉलीबॉल के फाइनल में श्री राम कृष्ण विद्या मंदिर, गांधीनिकुंज ने उच्च विद्यालय लत्तीपुर गौरीपुर को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में दोनों सेटों का स्कोर 25-21 और 25-22 रहा।
विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए।
कुश्ती में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान
अंडर-14 बालक फ्रीस्टाइल के 35 किलोग्राम वर्ग में आदित्य कुमार, 38 किलोग्राम में अंशु कुमार, 41 किलोग्राम में शुभम कुमार, 52 किलोग्राम में अमन कुमार और 57 किलोग्राम में रजनीश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 बालक फ्रीस्टाइल में 57 किलोग्राम वर्ग में पीयूष राज, 61 किलोग्राम में अंकुश कुमार यादव और 70 किलोग्राम में प्रियांशु कुमार प्रथम रहे।
अंडर-17 ग्रीको रोमन में पीयूष कुमार, अंकित तांती, युवराज और अभिजीत सिंह ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 फ्रीस्टाइल के विभिन्न भार वर्गों में घनश्याम कुमार, कृष्ण कुमार, प्रिंस कुमार, विकास कुमार और सुशांत कुमार यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
टेबल टेनिस और तलवारबाजी में भी मुकाबले
अंडर-14 बालक टेबल टेनिस में पीयूष प्रथम, कृष्णा द्वितीय और अभिनव तृतीय रहे। अंडर-17 में दिव्यांश ने प्रथम, सक्षम ने द्वितीय और मयंक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
तलवारबाजी के अंडर-19 बालिका वर्ग में अर्शी आनंद प्रथम और शगुन सिंह द्वितीय रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में ईशान कुमार प्रथम और आयुष कुमार द्वितीय रहे।
हैंडबॉल में इन टीमों ने दर्ज की जीत
अंडर-17 बालक वर्ग में डीएवी मथुरापुर ने होली फैमिली स्कूल, भागलपुर को हराया। अंडर-14 बालक वर्ग में सेंट जोसेफ स्कूल, कहलगांव (NTPC) ने सेंट पॉल एकेडमी, भागलपुर को पराजित किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में होली फैमिली स्कूल ने गुरुकृपा एकेडमी, कहलगांव को तथा अंडर-14 बालिका वर्ग में गणपत सिंह उच्च विद्यालय, कहलगांव ने गुरुकृपा एकेडमी को हराकर जीत दर्ज की।
साइक्लिंग में खिलाड़ियों का प्रदर्शन
अंडर-14 बालिका वर्ग में खुशी कुमारी प्रथम और डोली कुमारी द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में अभिलेख कुमार प्रथम, अंशु कुमार द्वितीय और उज्ज्वल कुमार तृतीय रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग में रुचि कुमारी, पुष्पा कुमारी और चंदा कुमारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में देव कुमार प्रथम, मो. राशिद द्वितीय और शरद कुमार तृतीय रहे।
अंडर-19 बालक वर्ग में सिंटू कुमार प्रथम, मो. अली हसन द्वितीय और मल्लिक कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में पल्लवी कुमारी प्रथम और लक्ष्मी कुमारी द्वितीय रहीं।
