नीतीश युग का अंत, सम्राट चौधरी के हाथों बिहार की कमान
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी आज सुबह 10:50 बजे बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
पटना: बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। करीब 20 साल तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके साथ ही राज्य में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत हो गई है।
अब सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुना गया है, जो आज सुबह 10:50 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। यह पहली बार है जब भाजपा का कोई नेता बिहार में मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।
मंगलवार को हुई अहम बैठक में एनडीए विधायक दल ने सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
इस दौरान कई बड़े नेता पटना पहुंचे, जिनमें शिवराज सिंह चौहान, नितिन नवीन समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहे। बैठक में प्रस्ताव रखकर सम्राट चौधरी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।
वहीं, नीतीश कुमार ने अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया, जिससे सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई।
अब बिहार में नई सरकार से विकास, रोजगार और प्रशासनिक सुधार को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।
