पीरपैंती में स्वच्छता मैराथन, बीडीओ और प्रखंड प्रमुख ने दिखाई हरी झंडी
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत पीरपैंती में स्वच्छता मैराथन का आयोजन किया गया। बीडीओ अभिमन्यु कुमार और प्रखंड प्रमुख रेशमी कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, पदाधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों ने हिस्सा लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
भागलपुर | B Live डेस्क
राष्ट्रव्यापी अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत पीरपैंती प्रखंड में स्वच्छता मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन की शुरुआत प्रखंड कार्यालय परिसर से हुई और यह रेफरल अस्पताल मोड़ तक आयोजित की गई।
कार्यक्रम को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिमन्यु कुमार एवं प्रखंड प्रमुख रेशमी कुमारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और स्वच्छता अभियान में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
मैराथन में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, 20 सूत्री समिति के सदस्य, विभिन्न संस्थानों की टीमें, पंचायत प्रतिनिधि, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वच्छता एवं स्वच्छ आदतों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में आईटीसी मिशन सुनहरा कल का भी विशेष सहयोग एवं सहभागिता रहा। अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों एवं कर्मियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।
