दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने निकाला फ्लैग मार्च

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च किया। डीएम अलंकृता पांडे एवं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के संयुक्त नेतृत्व में प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और पूजा स्थलों का जायजा लिया गया तथा सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
Bhagalpur | BLive डेस्क
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव के संयुक्त नेतृत्व में भागलपुर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं पूजा स्थलों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस लाइन से तिलकामांझी चौक, जीरो माइल चौक, चंपारण मीट हाउस, पॉलिटेक्निक, डीएम आवास, मायागंज अस्पताल, आदमपुर चौक, नया बाजार चौक, सराय चौक, विश्वविद्यालय, नगरा, टमटम चौक, लालमटिया-हबीबपुर, जैन मंदिर, रेलवे बाइपास, ततारपुर चौक, कोतवाली, खलीफाबाग घंटाघर होते हुए कचहरी चौक तक प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया।
प्रशासन की ओर से यातायात प्रबंधन, भीड़ के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पूजा स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा मनाने की अपील
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सामान्य जनजीवन सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
