नवगछिया में चाय दुकानदार दंपती की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

नवगछिया के हेटिया गांव में चाय दुकानदार दंपती की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इसी बीच परिवार की ढाई साल की बच्ची के दो दिन से लापता होने का मामला भी सामने आया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
नवगछिया | B Live डेस्क
नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हेटिया गांव में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले दंपती को गोली मार दी। घटना में पति रंजन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी किरण देवी ने भी दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दंपती अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने रंजन को गोली मार दी। पति को बचाने के लिए किरण देवी भागीं, लेकिन अपराधियों ने उनका पीछा कर उन पर भी गोली चला दी।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ढाई साल की बच्ची के लापता होने का मामला भी सामने आया
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक रंजन के भाई की करीब ढाई साल की बच्ची पिछले दो दिनों से लापता है। परिजनों ने बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। ग्रामीणों ने बच्ची की सुरक्षित बरामदगी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर और गोपालपुर थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने तथा घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
