शिक्षकों की उपस्थिति पर सख्ती, अनुपस्थित मिले तो होगी कार्रवाई

शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद भागलपुर प्रमंडल में विद्यालयों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अनुपस्थित शिक्षकों की रिपोर्ट उसी दिन भेजनी होगी और लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भागलपुर | B Live डेस्क
शिक्षकों की नियमित उपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, भागलपुर प्रमंडल ने विद्यालयों की नियमित निगरानी और शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं लेखापाल विद्यालयों का अनुश्रवण करेंगे। जांच के दौरान निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित नहीं मिलने वाले शिक्षकों की जानकारी उसी दिन शाम 5 बजे तक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना को उपलब्ध करानी होगी।
ऐसे मामलों में संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अगले दिन जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
ई-शिक्षाकोष पर शिक्षकों की उपस्थिति से संबंधित प्रतिवेदनों की नियमित समीक्षा के लिए प्रखंडवार लिपिकों को दायित्व देने को भी कहा गया है, ताकि प्रतिदिन के कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
