ग्रेटर नोएडा में भागलपुर की श्रेया का जलवा, डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट में जीता गोल्ड

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2026 में भागलपुर की श्रेया श्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 के 53 किलोग्राम से कम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। श्रेया ने स्नैच में 32 और क्लीन एंड जर्क में 40 किलोग्राम समेत कुल 72 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया।
ग्रेटर नोएडा | B Live डेस्क
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2026 में भागलपुर की श्रेया श्री ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की है। मलाकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रतियोगिता की बालिका अंडर-19 के 53 किलोग्राम से कम भार वर्ग में श्रेया ने कुल 72 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया।
श्रेया ने स्नैच में 32 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 40 किलोग्राम वजन उठाया। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक दिलाया।
श्रेया की सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल कुमार, शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री कौशल कुमार एवं श्री प्रमोद कुमार मंडल ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भागलपुर भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार झा और सचिव नीरज कुमार राय ने भी श्रेया श्री को इस शानदार सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना भागलपुर के लिए गौरव की बात है और श्रेया की उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी।
श्रेया श्री की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया जा रहा है। श्रेया के माता-पिता अमरेश कुमार रॉय एवं छाया रॉय ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।
