बिहार के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली और छठ से पहले वेतन देने का निर्देश, वित्त विभाग ने जारी किया आदेश

बिहार वित्त विभाग ने दीपावली एवं छठ महापर्व से पहले सभी सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। 6 नवंबर 2026 को जारी आदेश में वेतन संबंधी विसंगतियों का शीघ्र निराकरण करने तथा भुगतान में देरी होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही गई है।
बिहार | B Live डेस्क
बिहार सरकार ने दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए राज्य के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया है। वित्त विभाग ने इस संबंध में सभी विभागों, प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन भुगतान दीपावली से पहले किया जाए।
निर्देश के अनुसार, गृह विभाग एवं शिक्षा विभाग के अंतर्गत पदाधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों में यदि किसी प्रकार की विसंगति हो, तो उसका शीघ्र निराकरण करते हुए त्योहार से पहले बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वेतन भुगतान में देरी पर होगी कार्रवाई
वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कार्यालय के स्तर पर पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन त्योहार से पहले भुगतान नहीं किया जाता है, तो विलंब के कारणों की जांच की जाएगी। साथ ही इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक अंतरिम कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों, विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों को इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
इस आदेश से राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दीपावली एवं छठ महापर्व से पहले वेतन मिलने की उम्मीद जगी है।
