भागलपुर जिला स्थापना दिवस: सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रतिभाओं की चमक, विजेताओं को किया गया सम्मानित

भागलपुर जिला स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक गीत, नृत्य, कला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया और 150 से अधिक प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। मंजूषा कला को बढ़ावा देने वाले कलाकारों को भी विशेष सम्मान मिला।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर, 05 मई 2026। कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्थापना दिवस के अवसर पर दूसरे दिन अंग संस्कृति भवन, भागलपुर संग्रहालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और बिहार गीत से हुई। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के तहत लोक गीत, लोक नृत्य और प्रदर्श कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लोक गीत प्रतियोगिता में सरोज अली ने प्रथम, मोहित कुमार ने द्वितीय और अमन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं प्रदर्श कला में लोक नृत्य प्रतियोगिता में राहुल कुमार एवं समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि किलकारी बिहार बाल भवन, बरारी ने द्वितीय और सुरभि सुमन समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दृश्य कला के अंतर्गत महात्मा गांधी पर आधारित कलाकार शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने लोक कला, मूर्ति कला और समसामयिक शैली में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में कुमार अनुराग और प्रेम केडिया विजेता रहे।
कार्यक्रम के दौरान एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने कला, संस्कृति और इतिहास से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें मुख्य मंच से सम्मानित किया गया।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं वरिष्ठ कलाकारों ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए विजेताओं को अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अंग प्रदेश की लोक कला मंजूषा कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मंजूषा गुरु मनोज पंडित को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन वैभव राज एवं अनिमा सिन्हा ने किया।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को तीसरे दिन कहलगांव अनुमंडल के बटेश्वर स्थान एवं विक्रमशिला महाविहार भ्रमण के लिए ले जाया जाएगा।
