भीषण गर्मी के बीच भागलपुर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

भागलपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विधायक रोहित पांडे ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्बाध बिजली आपूर्ति, जर्जर तार-पोल हटाने, अंडरग्राउंड केबलिंग, 11KV और 33KV तारों की कविरंग तथा नए पावर हाउस निर्माण को लेकर चर्चा हुई। विधायक ने खराब ट्रांसफॉर्मर और बिजली बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर एवं निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विधायक रोहित पांडे ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम को देखते हुए शहरवासियों को बिना बाधा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर खराब होने, केबल वायर क्षतिग्रस्त होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में शहर के जर्जर तार एवं पोल हटाने, खुले बिजली तारों की कविरंग, अंडरग्राउंड केबलिंग तथा नई केबलिंग व्यवस्था शुरू करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। 11 हजार एवं 33 हजार वोल्ट बिजली तारों की कविरंग के लिए जल्द प्रस्ताव पटना मुख्यालय भेजे जाने की बात कही गई।
विधायक रोहित पांडे ने कहा कि आने वाले समय में भागलपुर में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए टीएनबी कॉलेज, शीतला स्थान चौक, जीरो माइल और आदमपुर में नए पावर हाउस निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों को सुरक्षित, मजबूत एवं आधुनिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भागलपुर को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
