विक्रमशिला सेतु पर स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन अलर्ट, गंगा में शुरू होगी फेरी और कार्गो सेवा

भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर-नवगछिया सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। लोगों की आवाजाही और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रशासन गंगा नदी में फेरी और कार्गो सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसको लेकर डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें संबंधित अधिकारियों ने वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था और सेवा संचालन पर चर्चा की।
नई दिल्ली | BLive Desk
भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर जाने के कारण भागलपुर-नवगछिया सड़क संपर्क बाधित हो गया है। आम लोगों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए अब गंगा नदी में नाव, फेरी सेवा और कार्गो सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है।
इसी को लेकर जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन, भागलपुर में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलमार्ग के जरिए फेरी सेवा एवं कार्गो सेवा शुरू करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन ने निर्णय लिया है कि यात्रियों और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के लिए फेरी और कार्गो सेवा के संचालन हेतु दर निर्धारण भी किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि लोगों की परेशानी कम करने और आवागमन को सामान्य बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी।
