बारारी घाट पर डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान, यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

विक्रमशिला सेतु का स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर प्रशासन अलर्ट मोड में है। डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बारारी घाट पहुंचकर नाव सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, अस्थायी थाना और यात्रियों की सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रियों से फीडबैक लेकर व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
नई दिल्ली | BLive Desk
विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित यातायात व्यवस्था के बीच भागलपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिख रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बारारी घाट पहुंचकर यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने नाव सेवा का जायजा लिया तथा यात्रियों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आवागमन की स्थिति की भी समीक्षा की।
इस दौरान प्रशासन द्वारा स्थापित अस्थायी थाना का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं जीविका दीदियों द्वारा संचालित रसोई में भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई तथा प्रतीक्षा शिविर में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
