विक्रमशिला ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को लेकर भागलपुर में अहम बैठक, नए क्षेत्रों के विस्तार पर चर्चा

भागलपुर में “विक्रमशिला ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप” को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए क्षेत्रों के विस्तार, मास्टर प्लान और आगामी 20 वर्षों की शहरी जरूरतों पर चर्चा हुई। प्रस्ताव के तहत लगभग 359.37 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को शामिल करने की योजना है।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी सह अध्यक्ष भागलपुर जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकरण डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में “विक्रमशिला ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप” को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टाउनशिप के विस्तार, नए क्षेत्रों को शामिल करने तथा आपत्तियों एवं सुझावों पर विस्तृत चर्चा हुई।
नगर आयुक्त द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित क्षेत्र का मास्टर प्लान प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी 20 वर्षों की संभावित आबादी और शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि नए प्रस्ताव के तहत लगभग 359.37 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को शामिल किया जाएगा, जिसमें कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्र शामिल होंगे। इस प्रस्तावित क्षेत्र की कुल आबादी वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार करीब 8.23 लाख बताई गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नए क्षेत्रों को शामिल करने को लेकर यदि किसी जनप्रतिनिधि या नागरिक को कोई सुझाव अथवा आपत्ति है तो उसे विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। बैठक में कई जनप्रतिनिधि, नगर निगम पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
