पीरपैंती में अडानी प्लांट से प्रभावित ग्रामीणों की आवाज उठी, मुआवजा और पुनर्वास की मांग तेज

पीरपैंती में अडानी प्लांट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों ने मुआवजा और पुनर्वास की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने जमीन अधिग्रहण के कारण बेघर होने की आशंका जताई। मुरारी पासवान ने प्रभावित परिवारों की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया।
Bhagalpur | BLive Desk
पीरपैंती में निर्माणाधीन Adani Group प्लांट के घेरा क्षेत्र में आने वाले पहाड़िया एवं संथाल समुदाय के कई परिवारों ने अपनी जमीन, घर और अधिकारों को लेकर चिंता जताई है। प्रभावित ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि मुरारी पासवान से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा।
ग्रामीणों ने कहा कि जमीन अधिग्रहण के कारण वे बेघर होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा, स्थायी पुनर्वास, बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधा हेतु अस्पताल की मांग की है।
मुरारी पासवान ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर जायज मांग को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तभी सार्थक माना जाएगा जब स्थानीय लोगों, विशेषकर आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि संबंधित अधिकारी और प्रशासन प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं सुनते हैं, तो जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन भी किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि विकास परियोजनाओं के साथ-साथ विस्थापित परिवारों के जीवन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
