भागलपुर पहुंचे नए आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बेली ब्रिज और बरारी घाट व्यवस्था का लिया जायजा

भागलपुर में नए प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने संभाली जिम्मेदारी। पदभार ग्रहण के बाद विक्रमशिला पुल, बरारी घाट और विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। #BhagalpurAdministration #BiharUpdates #BridgeConstruction #LocalNews
भागलपुर | BLive News
भागलपुर प्रमंडल के नव पदस्थापित प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। भागलपुर पहुंचने पर जिला अतिथि गृह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त श्री मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भागलपुर से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि वे पूर्व में यहां जिलाधिकारी एवं प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और चार वर्षों बाद फिर से भागलपुर में सेवा करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि भागलपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्राथमिकता होगी। विशेष रूप से विक्रमशिला पुल की समस्या के समाधान और आवागमन को सुचारू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और लक्ष्य है कि बिहार के किसी भी कोने से पटना पांच घंटे के भीतर पहुंचा जा सके।
आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल के सभी जिलों में विकास एवं राजस्व योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने भागलपुर और बांका जिलों में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
पदभार ग्रहण के बाद आयुक्त श्री मीणा ने जिलाधिकारी एवं सिटी एसपी के साथ विक्रमशिला पुल के समीप चल रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
इसके बाद उन्होंने बरारी घाट पर नाव परिचालन मार्ग का निरीक्षण किया तथा वहां जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं, आयोजित स्वास्थ्य शिविर और जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए भोजन स्टॉल का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी अनिल कुमार राय, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
