शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ का धरना, समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन

भागलपुर समाहरणालय परिसर में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने मैट्रिक, इंटरमीडिएट, चतुर्थीकरण, उपरि सेवाकरण, लंबित वेतन एरियर भुगतान, अवकाश स्वीकृति में देरी और सेवा संबंधी मामलों के निष्पादन नहीं होने का मुद्दा उठाया। साथ ही डीईओ कार्यालय के कर्मियों के प्रतिकूल रवैये और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा समस्याओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया।
भागलपुर | BLive Desk
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, भागलपुर के तत्वावधान में मंगलवार को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से शिक्षक शामिल हुए और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने लंबित वेतन एरियर भुगतान, विभिन्न प्रकार के अवकाशों की स्वीकृति में देरी, सेवा संबंधी मामलों के निष्पादन में लापरवाही तथा शिक्षकों की शिकायतों के समाधान नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
शिक्षकों का आरोप था कि डीईओ कार्यालय के कुछ कर्मियों का रवैया शिक्षकों के प्रति प्रतिकूल रहता है, जिससे कार्य समय पर नहीं हो पाते हैं। साथ ही शिक्षकों ने यह भी कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षकों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता, जिसके कारण लंबे समय से कई मामले लंबित पड़े हुए हैं।
धरना कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों ने राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर तक लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान “शिक्षक एकता जिंदाबाद” और “आवाज दो हम एक हैं” जैसे नारे भी लगाए गए।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन की ओर से जिले के अधिक से अधिक शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की गई।
