सहयोग शिविर में पहुंचे प्रभारी मंत्री नितीश मिश्रा, बोले — शिकायतों के समाधान में देरी पर होगी कार्रवाई

भागलपुर के सबौर प्रखंड स्थित मामलखा उच्च विद्यालय में आयोजित सहयोग शिविर में प्रभारी मंत्री नितीश मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए तकनीक आधारित व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसके तहत निर्धारित समय सीमा तक आवेदन लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। कार्यक्रम में सांसद अजय मंडल, विधायक मिथुन कुमार और कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
भागलपुर | BLive Desk
भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत मामलखा उच्च विद्यालय में आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग सह सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री एवं भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री नितीश मिश्रा शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद अजय मंडल, नाथनगर विधायक मिथुन कुमार, जिला प्रशासन के कई अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार जन शिकायतों के समाधान को लेकर गंभीर है और अब पूरी प्रक्रिया को तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि किसी आवेदन का निपटारा 10 दिनों के भीतर नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी को ऑनलाइन चेतावनी मिलेगी। 20 दिनों के बाद दूसरी चेतावनी, 25 दिनों के बाद अंतिम चेतावनी जारी होगी तथा 30 दिनों तक आवेदन लंबित रहने पर संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। सहयोग शिविर आम जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी NIC पोर्टल पर उपलब्ध है और प्रत्येक माह पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निष्पादन किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त किशलय कुशवाहा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने गोराडीह प्रखंड के तरछा दमचुक पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का भी निरीक्षण किया।
