झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को, गोड्डा में 23 केंद्रों पर 17,557 अभ्यर्थी होंगे शामिल

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को दो पालियों में होगा। गोड्डा जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर कुल 17,557 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने अधिकारियों को सुरक्षा, सीसीटीवी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
भागलपुर | B Live डेस्क
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए गोड्डा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 1 नवंबर, रविवार को दो पालियों में होने वाली परीक्षा में जिले के 23 केंद्रों पर कुल 17,557 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसे लेकर 28 अक्टूबर को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
परीक्षा की पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, गोड्डा अनुमंडल में 19 और महागामा अनुमंडल में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। गोड्डा अनुमंडल में 13,618, जबकि महागामा अनुमंडल में 3,939 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने और प्रवेश-निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन केंद्रों पर सीसीटीवी उपलब्ध नहीं हैं, वहां इसकी व्यवस्था करने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती होगी। उड़नदस्ता एवं पेट्रोलिंग दल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। कदाचार या नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।
