गंगा का जलस्तर बढ़ा, तीन घाटों पर बाइक से फेरी सेवा 10 अक्टूबर तक बंद

गंगा के बढ़ते जलस्तर और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव को देखते हुए बियाडा घाट, बाबूपुर/डीपीएस घाट और जानकी चौक घाट से बाइक के साथ फेरी सेवा पर रोक 10 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत जारी रहेगी।
भागलपुर | B Live डेस्क
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव की स्थिति को देखते हुए बियाडा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और जानकी चौक, नवगछिया से संचालित फेरी सेवा में बाइक के आवागमन पर रोक की अवधि बढ़ा दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, अब 08, 09 और 10 अक्टूबर 2026 तक इन तीनों घाटों से बाइक के साथ फेरी सेवा का संचालन नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि इस अवधि में इन घाटों पर बाइक लेकर न पहुंचें और अपनी यात्रा की योजना जारी निर्देशों के अनुसार बनाएं।
प्रशासन ने बताया कि नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव के कारण बाइक से आवाजाही में कठिनाई हो रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फ्लड कंट्रोल एवं जल संसाधन विभाग (WRD) की टीम आवश्यक कार्रवाई कर रही है और जिला प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
हालांकि, पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत जारी रहेगी। यात्री पैदल फेरी सेवा का उपयोग कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से वर्तमान परिस्थितियों और जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
