रक्तदान करने वाले 106 लोगों का सम्मान, डीएम अलंकृता पांडेय ने बढ़ाया हौसला

JLNMCH भागलपुर के रक्त केंद्र में आयोजित सम्मान समारोह में नियमित रूप से रक्तदान करने वाले 44 समेत कुल 106 रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने रक्तदान को मानवता की महत्वपूर्ण सेवा बताते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
भागलपुर | B Live डेस्क
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (JLNMCH), भागलपुर स्थित रक्त केंद्र में शुक्रवार को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सम्मान में रक्तदाता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय रहीं।
समारोह में वर्ष में 3 एवं 4 बार नियमित रूप से रक्तदान करने वाले 44 रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 62 अन्य रक्तदाताओं को भी आयोजक की ओर से सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करना और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर रक्त केंद्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य के लिए प्रयोगशाला तकनीशियन अंशु को भी जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने सम्मानित किया। उन्हें रक्त संग्रह, रक्त घटकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रक्तदाताओं की सेवा तथा रक्त केंद्र के विभिन्न कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। नियमित रक्तदाता जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक की भूमिका निभाते हैं। स्वैच्छिक रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं के योगदान से समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और अन्य लोग भी रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय प्रताप ने रक्तदाताओं, अतिथियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आम लोगों से नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में JLNMCH के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल, अधीक्षक डॉ. H. P. Dubey, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार, डॉ. राकेश कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हेम शंकर शर्मा ने किया।
