जनगणना और किसान पंजीकरण पर डीएम सख्त, 13 मई शाम 6 बजे तक लंबित कार्य पूरा करने का आदेश

भागलपुर में डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जनगणना और किसान पंजीकरण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को मकान सूचीकरण और जमाबंदी सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। लंबित सत्यापन कार्यों को 13 मई शाम 6 बजे तक पूरा करने का आदेश जारी किया गया।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जनगणना के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य एवं कृषक पंजीकरण अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों के साथ प्रखंडवार कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रखंडों में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
किसान पंजीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि जिन किसानों की जमीन की जमाबंदी हो चुकी है, उनका पंजीकरण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले 6-7 वर्षों की जमाबंदी रिकॉर्ड आधार से उपलब्ध हैं, जिन्हें सत्यापित कर पोर्टल पर अपलोड किया जा सकता है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कर्मचारियों और अंचलाधिकारियों के लॉगिन में लंबित जमाबंदी सत्यापन कार्यों को 13 मई शाम 6 बजे तक पूरा कर लिया जाए। सभी अंचलाधिकारी अपने स्तर से प्रमाणित करेंगे कि कोई भी सत्यापन कार्य लंबित नहीं है।
डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जनगणना कार्य में तेजी लाने और समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कई पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
