भागलपुर में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: पिकअप से 1468 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: पिकअप से 1468 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर | BLive डेस्क
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भागलपुर मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है। मद्य निषेध थाना, सदर भागलपुर की टीम ने वाहन जांच के दौरान एक टाटा पिकअप वाहन से 170 कार्टन अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार, सहायक आयुक्त, मद्य निषेध भागलपुर के नेतृत्व में चलाए जा रहे नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान संदेह के आधार पर एक टाटा पिकअप वाहन को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सोयाबीन की बोरियों के नीचे सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखी गई अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।
विभाग के मुताबिक, वाहन से कुल 170 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 1,468.80 लीटर है। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब ₹17,62,560 बताया गया है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (44 वर्ष) के रूप में हुई है। विभाग के अनुसार, आरोपी शिव बिहार विकास नगर, थाना रन्हौला, जिला उत्तर दिल्ली का निवासी है। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मद्य निषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags: भागलपुर, शराब तस्करी, विदेशी शराब, मद्य निषेध विभाग, बिहार शराबबंदी, Bhagalpur News, Bihar News, BLive
