तिलकामांझी चौक प्रदर्शन मामले में बड़ी कार्रवाई: 155 नामजद, करीब 500 अज्ञात पर प्राथमिकी; 58 गिरफ्तार

भागलपुर में 25 जुलाई को तिलकामांझी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर हुए प्रदर्शन के दौरान उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 155 नामजद और करीब 500 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 42 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और 16 को बंधपत्र पर मुक्त किया गया है। घटना से जुड़े करीब 25 सोशल मीडिया अकाउंट भी चिह्नित किए गए हैं।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर के तिलकामांझी चौक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर 25 जुलाई को हुए प्रदर्शन और उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भागलपुर पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 155 नामजद और लगभग 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, छात्रों द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक कुछ उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों ने उग्र प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान पुलिस बल, सरकारी वाहनों एवं अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। तिलकामांझी चौक स्थित तिलकामांझी राष्ट्रीय स्मारक को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तत्परता के कारण स्मारक को नुकसान होने से बचा लिया गया।
पुलिस का कहना है कि उपद्रव के दौरान आम नागरिकों, मीडियाकर्मियों और पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर से हमला किया गया। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मियों को सामान्य चोटें आने की बात कही गई है।
58 लोगों की गिरफ्तारी, 42 को न्यायिक हिरासत
घटना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 42 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि 16 लोगों को बंधपत्र पर मुक्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान CCTV फुटेज, वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। चिह्नित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
करीब 25 सोशल मीडिया अकाउंट भी पुलिस की नजर में
भागलपुर पुलिस के अनुसार, घटना को बढ़ावा देने वाले लगभग 25 सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की गई है। इनके खिलाफ साइबर थाना भागलपुर में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अन्य संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान भी की जा रही है।
