भागलपुर बना बिहार विमेंस अंडर-19 टी-20 चैंपियन, पटना को 8 विकेट से हराया

भागलपुर की टीम 'एफ' ने बिहार विमेंस अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में पटना टीम 'ए' को 8 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सैंडिस कंपाउंड में खेले गए रोमांचक मुकाबले में प्रतिभा ने नाबाद 60 रन और दो विकेट लेकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता। पुरस्कार वितरण समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विजेता एवं उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में आयोजित बिहार विमेंस अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में भागलपुर टीम 'एफ' ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना टीम 'ए' को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पटना टीम 'ए' ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए। टीम की ओर से सलोनी कुमारी ने 30 गेंदों में 57 रन तथा कप्तान अक्षरा गुप्ता ने 22 गेंदों में 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में मुशरा ने नाबाद 19 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर टीम 'एफ' ने मात्र 17.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 165 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से प्रतिभा ने नाबाद 60 रन की शानदार मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि संतोषी कुमारी ने 20 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक बल्लेबाजी की। शिवी सिंह ने भी 26 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाली प्रतिभा ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट लिए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
फाइनल मुकाबले में अंपायरिंग की जिम्मेदारी मनोहर कुमार एवं राघव ठाकुर ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का दायित्व अंकित अमृत राज और शिवम कुमार ने संभाला।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा विजेता टीम को विनर ट्रॉफी और उपविजेता टीम को रनर-अप ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के चेयरमैन डॉ. आनंद कुमार मिश्रा, के उपाध्यक्ष , सचिव , वरिष्ठ खिलाड़ी , , सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
