बिहार के सरकारी स्कूलों की सफाई व्यवस्था के लिए 195 करोड़ रुपये मंजूर

बिहार सरकार ने सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई और शौचालय रखरखाव के लिए 2026-27 में 195 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। हाउसकीपिंग एजेंसियों के जरिए स्कूल परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की नियमित सफाई कराई जाएगी।
Patna | BLive Desk
बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में साफ-सफाई एवं शौचालय रखरखाव के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु लगभग 195 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, स्कूलों में साफ-सफाई का कार्य हाउसकीपिंग एजेंसियों के माध्यम से कराया जाएगा। इसके तहत कक्षाओं, शौचालयों, खेल-कूद क्षेत्र, विद्यालय परिसर और पेयजल व्यवस्था की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार ने प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के लिए प्रति शौचालय प्रतिदिन ₹50 और माध्यमिक/उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए ₹100 की दर निर्धारित की है। साथ ही विद्यालयों में डस्टिंग, कचरा निस्तारण और बाहरी परिसर की सफाई भी एजेंसी की जिम्मेदारी होगी।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि स्कूलों में साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी प्रधानाध्यापक और संबंधित शिक्षा पदाधिकारी करेंगे, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
