सिर्फ 2 घंटे में खगड़िया से पूर्णिया! फोरलेन हाईवे परियोजना को मिली रफ्तार

₹39,936 करोड़ की खगड़िया–पूर्णिया फोरलेन परियोजना की समीक्षा करते हुए पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने बताया कि इसका अवार्ड अगस्त 2026 तक हो सकता है। 143.53 किमी लंबी इस परियोजना के पूरा होने पर खगड़िया से पूर्णिया की यात्रा लगभग 2 घंटे में पूरी हो सकेगी और सीमांचल-कोसी क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।
बेगूसराय | BLive Desk
पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31/231 के खगड़िया–पूर्णिया फोरलेन परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। लगभग ₹39,936 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना उत्तर-पूर्व बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का अवार्ड अगस्त 2026 तक किए जाने की संभावना है। परियोजना के लिए लगभग 90 प्रतिशत भूमि उपलब्ध है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सकेगा।
143.53 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में पूर्णिया के लिए 6.73 किमी लंबा बाईपास, 1 इंटरचेंज, 9 फ्लाईओवर, 29 अंडरपास, 3 फुट ओवरब्रिज, 30 बस-बे और 8 ट्रक ले-बाय का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा कुरसेला में कोसी नदी पर 1090 मीटर लंबा प्रमुख पुल सहित कई बड़े एवं छोटे पुल बनाए जाएंगे।
मंत्री ने निर्देश दिया कि स्थानीय जनता की सुविधा और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद खगड़िया से पूर्णिया की दूरी लगभग 2 घंटे में तय की जा सकेगी, जिससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क संपर्क मिलेगा।
यह परियोजना खगड़िया, मानसी, बिहपुर, नवगछिया, भागलपुर, कुरसेला, कटिहार और पूर्णिया समेत पूरे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति देगी।
