विक्रमशिला सेतु पर 20 दिनों में तैयार होगा बैली ब्रिज, आवागमन बहाल करने की तैयारी तेज

भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बैली ब्रिज निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जा रहा है। डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी के अनुसार बीआरओ की टीम और मशीनें भागलपुर पहुंच रही हैं तथा अगले 20 दिनों में लाइट मोटर व्हीकल और पैदल यात्रियों के लिए आवागमन बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।
भागलपुर | BLive Desk
भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी दी कि बैली ब्रिज निर्माण का कार्य अद्वितीय गति से किया जा रहा है और लक्ष्य है कि आगामी 20 दिनों के भीतर लाइट मोटर व्हीकल और पैदल यात्रियों के लिए आवागमन शुरू कर दिया जाए।
डीएम ने बताया कि बीआरओ की टीम लगातार भागलपुर पहुंच रही है। कुछ टीमें सेंट्रल इंडिया समेत विभिन्न स्थानों से मोबिलाइज की जा रही हैं। भारी मशीनें, तकनीकी उपकरण और ब्रिज निर्माण से जुड़ा सामान चरणबद्ध तरीके से लाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से का सर्वे कर उसे मजबूत करने और गैप को बैली ब्रिज से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इंजीनियरिंग टीम पुल के कमजोर हिस्से को रीइन्फोर्स कर रही है ताकि आम लोगों के आवागमन को जल्द सुरक्षित बनाया जा सके।
प्रशासन के अनुसार कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि पुल के प्रभावित हिस्से को तकनीकी रूप से मजबूत करना और संरचना को पूरी तरह स्थिर करना जरूरी है। डीएम ने कहा कि पूरी टीम दिन-रात काम कर रही है ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
विक्रमशिला सेतु का स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर-नवगछिया संपर्क प्रभावित हो गया था। फिलहाल प्रशासन द्वारा नाव, फेरी और क्रूज सेवा के जरिए वैकल्पिक व्यवस्था संचालित की जा रही है।
