भागलपुर में 20 सूत्री समिति की बैठक, विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

भागलपुर में 20 सूत्री समिति की बैठक में जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, मत्स्य पालन, पंचायत, स्वास्थ्य और अन्य विभागों की प्रगति पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
भागलपुर | BLive Desk
समीक्षा भवन में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की बैठक जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आधारभूत संरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया कि जिले में प्रतिदिन 2.79 लाख बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही 1 जुलाई से छह प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू किया जाएगा। पीएम श्री विद्यालय एवं मॉडल स्कूलों में नामांकन अभियान भी जारी है।
बैठक में बताया गया कि सहयोग पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निपटारे में भागलपुर बिहार में तीसरे स्थान पर है। वहीं 3.38 लाख लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है।
रोजगार के क्षेत्र में पीएमईजीपी योजना के तहत लक्ष्य के विरुद्ध 190 प्रतिशत स्वीकृतियां दी गई हैं, जबकि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 884 लाभार्थियों का चयन किया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, जीविका, मत्स्य पालन, स्वास्थ्य, पंचायत राज एवं आपदा प्रबंधन सहित कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों में तेजी लाने, जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भागलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
