माध्यमिक आचार्य भर्ती 2025: 466 अभ्यर्थियों की DV सूची जारी, 18-19 जून को होगा सत्यापन

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने माध्यमिक आचार्य भर्ती 2025 के तहत दस्तावेज सत्यापन के लिए 466 अभ्यर्थियों की आठवीं सूची जारी कर दी है। चयनित अभ्यर्थियों का DV 18 और 19 जून 2026 को रांची स्थित आयोग कार्यालय में होगा। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित अभ्यर्थियों को 24 जून 2026 को अंतिम अवसर दिया जाएगा।
रांची | BLive डेस्क
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (JTMACCE-2025) के तहत दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए 466 अभ्यर्थियों की आठवीं सूची जारी कर दी है। चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच 18 जून और 19 जून 2026 को आयोग कार्यालय, कालीनगर, नामकुम, रांची में आयोजित की जाएगी।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार दस्तावेज सत्यापन दो पालियों में होगा। पहली पाली सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अंक पत्र, आरक्षण एवं स्थानीयता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), खेलकूद कोटा, दिव्यांगता तथा भूतपूर्व सैनिक संबंधी प्रमाण पत्रों की मूल प्रति एवं स्व-प्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को 24 जून 2026 को अंतिम अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके बाद आयोग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
स्रोत: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) DV List-8 Notification
