भागलपुर में 22 से 26 जुलाई तक बारिश के आसार, किसानों के लिए कृषि मौसम विभाग ने जारी की सलाह

भागलपुर में 22 से 26 जुलाई 2026 तक आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो स्थानों पर गरज-चमक व आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 से 30°C और न्यूनतम तापमान 26 से 27°C रहने का अनुमान है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर ने किसानों को मौसम को देखते हुए धान की रोपाई की तैयारी और वर्षा जल के संचयन की सलाह दी है।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर जिले में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जारी कृषि मौसम परामर्श के अनुसार 22 से 26 जुलाई 2026 के दौरान आसमान में बादल छाए रहने तथा एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत, जबकि दोपहर में 70 से 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवा चलने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। हाल के दिनों में हुई बारिश और आगामी दिनों में वर्षा की संभावना को ध्यान में रखते हुए किसानों को धान की रोपाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
धान की रोपाई से पहले किसानों को प्रति हेक्टेयर 25 से 30 किलोग्राम नाइट्रोजन, 40 किलोग्राम फॉस्फोरस, 30 किलोग्राम पोटाश तथा 25 किलोग्राम जिंक सल्फेट के प्रयोग की अनुशंसा की गई है।
किसानों को निचली भूमि के चारों ओर मजबूत मेड़ बनाकर वर्षा जल का संचयन करने की भी सलाह दी गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसी पानी का उपयोग सिंचाई कार्य में किया जा सके।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुरूप कृषि कार्य करें, जिससे खरीफ फसलों का बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
