भागलपुर में 24 अप्रैल को होगा दीक्षांत समारोह, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन

भागलपुर के बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 24 अप्रैल को दीक्षांत समारोह होगा। राज्यपाल के आगमन को लेकर डीएम व एसएसपी ने तैयारियों का निरीक्षण किया, जिसमें नए स्विमिंग पूल का उद्घाटन भी शामिल है।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर के बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 24 अप्रैल 2026 को दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के माननीय राज्यपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ऑडिटोरियम सहित नवनिर्मित स्विमिंग पूल (तरणताल) का अवलोकन किया गया। जानकारी के अनुसार, राज्यपाल द्वारा तरणताल का उद्घाटन किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि दीक्षांत समारोह सफलतापूर्वक आयोजित हो सके। विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां तेजी से जारी हैं।
