बिहार विधान परिषद चुनाव: 26 मतदान केंद्रों पर आज मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए भागलपुर में आज 26 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भागलपुर । BLive डेस्क
बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 26 मतदान केंद्रों पर आज मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
मतदान को स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
कल हुई संयुक्त ब्रीफिंग में दिए गए निर्देश
मतदान से एक दिन पहले समीक्षा भवन में पोलिंग पार्टी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी सजगता, गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करने तथा मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
शांतिपूर्ण मतदान के लिए संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मतदाताओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की गई है।
पोलिंग पार्टियों को निर्धारित रूट प्लान के अनुसार मतदान केंद्रों तक पहुंचने तथा मतदान के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोल्ड बैलेट को सुरक्षित रूप से वज्रगृह में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित SOP का पूरी तरह पालन किया जाए। चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों से टीम भावना के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की है।
