फसल क्षति प्रभावित किसानों के खातों में ₹27.55 करोड़ से अधिक कृषि इनपुट अनुदान का हस्तांतरण

भागलपुर जिले में फसल क्षति से प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत ₹27.55 करोड़ से अधिक की राशि DBT के माध्यम से बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। जिले में योजना के लिए 89,029 आवेदन प्राप्त हुए थे।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर जिले में फसल क्षति से प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत बड़ी राहत दी गई है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से अनुदान राशि हस्तांतरित की गई।
भागलपुर जिले के लिए कुल ₹27,55,83,768 की अनुदान राशि हस्तांतरित की गई। जिले में कृषि इनपुट अनुदान के लिए कुल 89,029 आवेदन प्राप्त हुए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदनों की जांच एवं समीक्षा के बाद पात्र किसानों को अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई।
जिला स्तर पर अधिकारी रहे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में जिला स्तर पर जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय, अपर समाहर्ता (आपदा) श्री कुदन कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री प्रेम शंकर प्रसाद, सहायक निदेशक श्रीमती हेमलता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों को समयबद्ध सहायता देने पर जोर
कृषि इनपुट अनुदान योजना का उद्देश्य फसल क्षति से प्रभावित पात्र किसानों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कृषि कार्यों में हुए नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच और समीक्षा के बाद पात्र किसानों के बैंक खातों में अनुदान राशि का हस्तांतरण सुनिश्चित किया गया। प्रशासन की ओर से किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
